Showing posts with label जंतर मंतर डायरी. Show all posts
Showing posts with label जंतर मंतर डायरी. Show all posts

Monday, September 28, 2015

बाबा रे बाबा

14 सितंबर 2015 को रामपाल के समर्थन में जुटे भक्त
चौदह सितंबर को जंतर मंतर पर गजब की भीड़ थी। रामपाल के समर्थन में। पता नहीं आपमें से कितने लोगों को रामपाल याद होगा। हालांकि, ये मुझे थोड़ा अजीब लग रहा है कि किसी के लिए ऐसे अपमानजनक तरीके से लिखा जाए। लेकिन, मुझे लगता है ये जरूरी है। जरूरी है कि रामपाल जैसे लोगों को अपमान ही मिले। अब मुझे ये नहीं पता कि ऐसे लोगों का सम्मान करने वाले लोग किस मानसिकता से जीते हैं। या फिर ऐसे लोगों को रामपाल जैसे लोग क्या दे देते हैं जिसके चक्कर में ये उमस भरी गर्मी में सरकार को चेताने जंतर-मंतर तक चले आते हैं। और ये लोग देश के अलग-अलग हिस्से से आए हैं। जैसा इनके हाथों में बैनर-तख्ती देखकर समझ में आता है। रामपाल के समर्थन में आए लोगों की भीड़ में हर उम्र के लोग हैं। अब पता नहीं समाज के किस वर्ग की भागीदारी इसमें ज्यादा है। ये सरकार को खुली चुनौती दे रहे हैं। अब तो आपको इस रामपाल का ध्यान अच्छे से आ गया होगा। ये रामपाल वही है, जो खुद को संत कहता है। ये वही रामपाल है, जो लंबे समय से संत के लबादे में अपना गुंडों का साम्राज्य चला रहा है। जिस रामपाल को पकड़ने में पुलिस और अर्धसैनिक बलों को हरियाणा में किसी आतंकवादी को पकड़ने जैसी घेरेबंदी करनी पड़ी थी। सरकार घुटनों पर खड़ी दिखने लगी थी। बाकायदा हथियारों से लैस तथाकथित संत के भक्त मरने-मारने पर उतारू थे। अच्छा हुआ कि बंदबुद्धि भक्तों की आस्था पर देश का कानून मानने वाले नागरिकों का भरोसा भारी पड़ा। और सरकार ने रामपाल को गिरफ्तार किया।

सिर्फ गिरफ्तार नहीं किया। बल्कि, रामपाल पर राज्य के खिलाफ लड़ाई छेड़ने का मामला भी दर्ज किया। लेकिन, इससे भी रामपाल के भक्तों की बंदबुद्धि खुली नहीं। या यूं कहें कि और बंद हो गई है। रामपाल के भक्त जंतर मंतर पर बैनर लेकर खड़े थे। कह रहे थे कि देशद्रोही वो है जिन्होंने विदेशों में धन जमाकर रखा है। अब इन्हें कौन समझाए कि विदेश में गलत तरीके से जमा धन हो या देश में दोनों गलत हैं। लेकिन, इससे रामपाल के ठीक होने का आधार कहां से तैयार हो जाएगा। भक्त सीधे धमकी के अंदाज में लिखे रखे हैं कि भक्तों के सब्र का इम्तहान न ले प्रशासन। कबीर भी इन भक्तों के देखकर क्या सोच रहे होंगे।

भक्त कबीर साहेब के साथ रामपाल को पूर्ण संत बताने वाले पोस्टर लिए घूम रहे थे। रामपाल एकदम सबको आशीर्वाद देने वाली मुद्रा में तस्वीर खिंचाए थे। खैर, लोकतंत्र है। और लोकतंत्र में जंतर मंतर है। सबको पूरा मौका है कि अपनी बात कहे। हम न्यायालय तो हैं नहीं कि कोई फैसला सुनाएं। और वैसे भी रामपाल के भक्त न्यायालय को भी बुरा भला कहने में कोई कसर नहीं छोड़े हैं। इस दिन जंतर मंतर से गुजरते यही अहसास हुआ कि कितने न्याय की आस में गुहार लगाते कब से जंतर मंतर पर पड़े हैं। ये सरकार से न्याय मांग नहीं रहे हैं। इनके पैमाने वाले न्याय के न मिलने पर धमकी दे रहे हैं। लेकिन, जंतर मंतर है तो, लोकतंत्र का ही ना। इसलिए भीड़तंत्र भी काम कर रहा है। गुलामी तो हमारे खून में गजब घुसी है। बाबा मिल जाए गुलामी के लिए तो क्या बात है। अच्छा बाबा नहीं उपलब्ध है, तो बुरा बाबा ही सही। नेताओं की गुलामी से थोड़ा आगे का मामला दिखता है।

Friday, September 25, 2015

OROP किसका हक?

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करते पूर्व सैनिक
बकरीद की छुट्टी के दिन दिल्ली की सड़कों पर सरसराता हुआ मैं दफ्तर पहुंच गया। संसद मार्ग तक का रास्ता इतना आसान आमतौर पर कहां होता है। प्रेस क्लब की बजाए आज नेशनल मीडिया सेंटर में गाड़ी खड़ी की। और पैदल दफ्तर के लिए चल पड़ा। जंतर-मंतर रास्ते में है। जंतर-मंतर पर हर रोज की तरह मारामारी तो नहीं थी। प्रदर्शनकारियों का एक नया मंच लग गया है। अगर सोमवार तक ये प्रदर्शन जारी रहा तो, उनकी बात करूंगा। लेकिन, आज बात उन सैनिकों की। जिनको अभी भी लग रहा है कि उनको देशसेवा के बदले में जो मिलना चाहिए वो नहीं मिल रहा है। पिछले कई दशकों से चली आई रही वन रैंक वन पेंशन की बहाली नरेंद्र मोदी की सरकार ने कर दी। उसके बाद भी पूर्व सैनिकों को लग रहा है कि हिस्सेदारी और ली जा सकती है। कम मिली है। थोड़ी देर रुककर मैंने उन लोगों को सुना। सुनने के बाद लगा कि अच्छा है यहां लोग कम ही हैं। या ये कहें कि जिनकी पेंशन बढ़नी है। वही कुछ पचास-सौ लोग हैं। क्योंकि, अगर रुककर आम लोग उनकी बातें सुन लें, तो सेना और सैनिकों की देश सेवा शब्द से चिढ़ होने लगे। जब मैंने सुना, तो दहाड़ रहे पूर्व सैनिक बता रहे थे कि कैसे वो तो वीर बहादुर थे। लेकिन, सरकार ने दुश्मनों पर गोली नहीं चलाने दी। मतलब अब वो इस तरह से सरकार को लानत भेज रहे थे। जैसे निजी दुश्मनी। अब पता नहीं किस सरकार के समय वो सेना में थे। उस पर भी इन्हें कौन समझाए कि सरकार कोई भी हो, लाख कहें कि सरकारें भी राजनीति करती हैं। लेकिन, ये तो मैं भी नहीं मान सकता कि सीमा पर सरकार राजनीति करती है। लेकिन, वो पूर्व सैनिक अपनी रौ में बहे जा रहे थे। ज्यादा देर तक मैं रुका नहीं।

जंतर-मंतर के आसपास बचे ये कुछ पोस्टर
जंतर-मंतर से संसद मार्ग की तरफ बढ़ा, तो ढेर सारे फटे पोस्टरों को देखा। वो, फटे पोस्टर थे आम आदमी पार्टी के एक विधायक के। आम आदमी पार्टी के विधायक सुरेंद्र सिंह कमांडो किसी पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष हैं, ये भी जानकारी इस पोस्टर से पता चली। वो, भी बेचैन दिख रहे थे कि आखिर पूर्व सैनिकों को उनका हक क्यों नहीं मिल रहा। हालांकि, ज्यादातर पोस्टर फट चुके हैं। लेकिन, दो पोस्टर साबुत दिखे, तो एक तस्वीर मैंने ले ली। इससे समझ में आ जाता है कि आखिर कौन से ये 100 के आसपास पूर्व सैनिक हैं, जो जंतर-मंतर पर अभी OROP का नारा बुलंद किए हुए हैं। जबकि, इस बात के लिए तो नरेंद्र मोदी की तारीफ होनी चाहिए कि उन्होंने पूर्व सैनिकों का सम्मान किया। जाहिर है राजनीतिक नफा-नुकसान का गणित काम कर रहा है।


OROP किसका हक?
खैर, जंतर-मंतर पर अभी कब तक ये पूर्व सैनिक अपने बुरे हाल की दुहाई देते रहेंगे। ये देखने वाली बात होगी। लेकिन, रोज दफ्तर आने के क्रम में एक पूर्व सैनिक जो मुझे दिखा। उसकी तस्वीर भी में चिपका रहा हूं। बुजुर्ग सरदार जी ड्राइविंग सीट पर थे। पूर्व सैनिक होंगे। ये अंदाजा मैंने इससे लगाया कि उनकी होंडा सिटी कार के पीछे OROP sadda haq Aithe Rakh! का स्टीकर चिपका हुआ था। ये तस्वीर बहुत अच्छी नहीं आ सकी। क्योंकि, कार चलाते आगे वाली कार की तस्वीर लेना इतना आसान नहीं था। लेकिन, ये तस्वीर बता देती है कि समय से पहले सेना से रिटायर हो जाने वाले पूर्व सैनिकों की जिंदगी कैसी है। फिर भी आंदोलन है, उसे चलाने के लिए सही मुद्दा किसे चाहिए। जंतर-मंतर है। पीछे से समर्थन देने वाले कुछ राजनेता हैं। अपना स्वार्थ है। बस इतना बहुत है। पूर्व सैनिकों को ज्यादा से ज्यादा पेंशन लेने के लिए। 

Sunday, September 20, 2015

फर्जी सरकारी संस्थान!

17 सितंबर 2015 को दिल्ली के जंतर मंतर पर अपनी डिग्री की वैधानिकता के लिए आंदोलनरत FDDI छात्र
सरकारी नीतियों को बनाने वाले पता नहीं कैसे सोचते-करते हैं। अकसर यूजीसी की सूची निकलती है, जिसके आधार पर देश में चल रहे फर्जी विश्वविद्यालयों या दूसरे शिक्षा के केंद्रों के बारे में लोगों को पता चलता है। लेकिन, सेना की भर्ती की तरह भगदड़ वाली भीड़ इस देश में शिक्षा के लिए भी नियति बन गई है। छात्र पढ़ना चाहते हैं। लेकिन, उनकी मजबूरी ये कि जिस संस्थान में वो दाखिला ले रहे हैं। वो संस्थान सरकार, यूजीसी के मानकों पर सही भी है या नहीं। इसका अंदाजा पाठ्यक्रम में दाखिला लेने के बाद और कभी-कभी तो पाठ्यक्रम पूरा कर लेने के कई साल बाद पता लगता है। फर्जी डिग्री देने वाले निजी कॉलेजों, विश्वविद्यालयों को लानत भी हम भेजते रहते हैं। जबकि, सच्चाई ये है कि फर्जी कुछ भी है, तो उसके लिए सिर्फ और सिर्फ जिम्मेदार सरकार ही है। अब एक और अनोखा उदाहरण देखिए। केंद्र सरकार के ही अंतर्गत चल रहे एक संस्थान की डिग्री को केंद्र सरकार के मानव संसाधन विभाग के अंतर्गत आने वाला यूजीसी यानी यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन मान्यता ही नहीं देता है। दिल्ली से सटे नोएडा में वाणिज्य मंत्रालय FDDI संस्थान चलाता है। इस संस्थान से रिटेल, फुटवेयर और ऐसे कई एमबीए की डिग्री दी जाती है। अब जब वाणिज्य मंत्रालय का ही संस्थान है। मंत्रालय का ही एक अधिकारी यहां का मुखिया होता है, तो भला किसे संदेह हो सकता है कि इस संस्थान की डिग्री भी निजी कॉलेजों, विश्वविद्यालयों की तरह फर्जी हो सकती है। लेकिन, सच्चाई यही है कि केंद्र सरकार के संस्थान एफडीडीआई की डिग्री को यूजीसी मान्यता ही नहीं देता है। इसके लिए यहां के छात्रों ने पढ़ाई छोड़कर पहले संस्थान में ही आंदोलन चलाया। फिर देश में आंदोलन के लिए तय स्थान जंतर मंतर तक गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वाणिज्य मंत्री निर्मला सीतारमन और मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी क्या इस विसंगति को दूर करेंगे। या फर्जी निजी विश्वविद्यालय, कॉलेज की तरह केंद्र सरकार का भी एक फर्जी डिग्री देने वाला संस्थान यूं ही चलता रहेगा। 

बिहार में बहुत कुछ अच्छा हो रहा है, लेकिन बहुत.......... कुछ अच्छा होना बाकी है

संयोगवश इस बार की पटना यात्रा उसी दिन हुई, जिस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश सेतु का उद्घाटन किया। नाम को लेकर विवाद अलग है, लेकिन ...