Showing posts with label 2009 loksabha. Show all posts
Showing posts with label 2009 loksabha. Show all posts

Wednesday, April 01, 2009

ये पिछले 62 सालों से अप्रैल फूल बन रहे हैं

बीजेपी का घोषणापत्र अब तक जारी नहीं हुआ है। लेकिन, ये कांग्रेस दो हाथ आगे दिखेगा। आखिर घोषणापत्र होता तो सिर्फ कहने के लिए ही होता है। इसलिए कांग्रेस ने पहले जो कहा उससे कुछ आगे तो बीजेपी वालों को कहना ही होगा। बानगी दिख गई है- गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी आडवाणी के लोकसभा क्षेत्र गांधीनगर में पहली चुनावी रैली में ही ये कह गए कि चावल 2 रुपए किलो मिलेगा।



नरेंद्र मोदी का 2 रुपए किलो चावल/गेहूं का फॉर्मूला शायद ही गुजरात में ज्यादा असर करता हो। लेकिन, देश भर में तो जमकर असर करता ही है। गुजरात विधानसभा चुनावों के दौरान राजकोट से 22 किलोमीटर दूर एक गांव राजसमढियाला गया। इस गांव की सालाना कमाई है करीब पांच करोड़ रुपए। 350 परिवारों वाले इस गांव के ज्यादातर लोगों की आजीविका का प्रमुख साधन खेती ही है। लेकिन, इस गांव की कई ऐसी खासियत हैं जिसके बाद शहर में रहने वाले भी इनके सामने पानी भरते नजर आएं। 2003 में ही इस गांव की सारी सड़कें कंक्रीट की बन गईं। 350 परिवारों के गांव में करीब 30 कारें हैं तो, 400 मोटरसाइकिल।



इस गांव में कांग्रेस के 3 रुपए किलो और नरेंद्र मोदी के 2 रुपए किलो चावल का कोई खरीदार नहीं है। और, इस गांव में न तो गरीबी मुद्दा है न वोट बैंक है। क्योंकि, गांव में अब कोई परिवार गरीबी रेखा के नीचे नहीं है। इस गांव की गरीबी रेखा भी सरकारी गरीबी रेखा से इतना ऊपर है कि वो अमीर है। सरकारी गरीबी रेखा साल के साढ़े बारह हजार रुपए कमाने वालों की है। जबकि, राजकोट के इस गांव में एक लाख रुपए से कम कमाने वाला परिवार गरीबी रेखा के नीचे माना जाता है।



गांव में विकास के नाम पर नेता वोट मांगने से डरते हैं। विकास में ये सरकारों की भागीदारी अच्छे से लेते हैं। यही वजह है कि चुनावों के समय भी इस गांव में कोई भी चुनावी माहौल नजर नहीं आता। न किसी पार्टी का झंडा न बैनर। गांव बाद में एक साथ बैठकर तय करते हैं कि वोट किसे करना है। लेकिन, जागरुक इतने कि अगर किसी ने वोट नहीं डाला तो, पांच सौ रुपए का जुर्माना भी है।



लेकिन, ये तो गुजरात के एक गांव की अपनी इच्छाशक्ति है कि वहां गरीब नहीं है और गरीबी मुद्दा नहीं है इसलिए गरीबों का वोटबैंक भी नहीं है। लेकिन, पूरे देश में गरीबों का ये वोटबैंक- जाति, धर्म, कम्युनल, सेक्युलर सबसे ज्यादा बड़ा है और आसानी से पकड़ में भी आ जाता है। दरअसल ये 2 रुपए-3 रुपए किलो चावल/गेहूं सरकारी खजाने को भले ही जमकर चोट पहुंचाता हो और जिनको ये दिया जाता है उन लोगों को अगले चुनाव तक फिर उसी हाल में रहने का आधार तैयार कर देता है कि वो तथाकथित सरकारी गरीबी रेखा के नीचे वाले परिवार यानी BPL परिवारों में शामिल रहें। इस तरह के एलानों से वोट थोक में मिलते हैं और चुनाव के बाद चूंकि इन BPL परिवारों की चर्चा न तो मीडिया में होती है न तो, राजनीतिक पार्टियों में तो, कोई अलोकप्रिय होने का खतरा भी नहीं होता है।


कांग्रेस तो, पिछले करीब 35 सालों से हर चुनावी घोषणापत्र में गरीबी हटाने की बात कर रही है। कांग्रेस है तो, गांधी परिवार की विरासत कैसे भूल सकती है। इंदिरा गांधी को गरीबी हटाओ के नारे ने ही प्रधानमंत्री बना दिया था। इसलिए कांग्रेस के घोषणापत्र पर हाय गरीब-हाय गरीबी हावी हो गई। कांग्रेस ने कहा कि उनकी सरकार बनती है तो, गरीबी की रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों को 3 रुपए किलो गेहूं, चावल दिया जाएगा। यानी देश पर सबसे ज्यादा समय तक राज करने वाली कांग्रेस ने लगे हाथ ये मान लिया कि गरीबी की रेखा के नीचे इतने लोग हैं कि वो, वोट देकर उसे चुनाव जिता सकते हैं वो, भी सिर्फ तीन किलो चावल-गेहूं के लिए।



कांग्रेस एक फूड सिक्योरिटी एक्ट की भी बात कर रही है जिसमें सबको खाना देने का वादा है। इसके लिए नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट बनेगा। कांग्रेस को लगता है कि राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना उसकी सबसे बड़ी यूएसपी है। इसीलिए वो, नरेगा योजना में लोगों को 100 दिन रोजगार के साथ 20 रुपए ज्यादा रोजाना की मजूरी यानी 100 रुपए की मजूरी का भी पक्का वादा कर रही है। जाहिर है ये फूड सिक्योरिटी एक्ट से खाना, नरेगा की मजदूरी वही लोग करेंगे जिनका जीवनस्तर आजादी के 62 सालों बाद भी इस लायक नहीं हो पाया है कि वो अपने अगल-बगल खुले चमकते डिपार्टमेंटल स्टोरों, मॉल से खरीदारी न कर सकें।



रहमान की जय हो धुन को जब ऑस्कर सम्मान मिला तो, कांग्रेस को लगा कि इससे बेहतर स्लोगन चुनाव जीतने के लिए हो ही नहीं सकता। आखिर, ये धुन तो दुनिया जीतकर लौटी है तो, इसके बूते कांग्रेस को देश का राज जीतने में भला क्यों मुश्किल होगी। लेकिन, स्लमडॉग मिलिनेयर फिल्म के बच्चों से मिलने की तस्वीरें जब टीवी चैनलों पर झुग्गी वाले भारत की कहानी दिखाने लगीं तो, कांग्रेस को लगा शायद थोड़ी गलती हो गई है। तब से कांग्रेस ने जय हो गाने की धुन जरा धीमी कर दी है।


कांग्रेस कह रही है कि उसका राज आया तो, सबको शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। महंगाई कम करने और तेज विकास का वादा भी किया गया है। छोटे उद्योगों को मदद दी जाएगी। नौजवान बेरोजगार नहीं रहेगा इसका भी भरोसा दिलाने की कोशिश है।

सोनिया के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भाषण दे रहे हैं कि देश से गरीबी हटाने में अभी 15-20 साल लगेंगे। यानी अगले करीब चार लोकसभा चुनावों तक चुनावी घोषणापत्रों में सस्ते गेहूं-चावल और 100 रुपए की मजूरी पर जनता को लुभाया जाता रहेगा। क्योंकि, दुनिया के अमीरों में हमारे अमीरों के जब और आगे बढ़ने की खबर आती है तो, दूसरी सच्चाई जो थोड़ा धीरे से सुनाई जाती है जिससे फीलगुड कम न हो वो, ये है कि भारत की एक बड़ी आबादी अभी रोजाना एक बिसलेरी की बोतल यानी 20 रुपए से भी कम में गुजारा करती है।

मुद्दों की बात होती है तो, किसी भी सर्वे में अब गरीबी जैसा मुद्दा होता-दिखता ही नहीं है। लेकिन, दरअसल ये गरीब और गरीबी इस देश का सबसे बड़ा वोटबैंक है जो, चुनावों तक पार्टियों के लिए सबसे बड़ा मुद्दा होता है। लेकिन, जैसे ही वोट बैलट बॉक्स में गए गरीबों की किस्मत और उनकी चर्चा भी अगले चुनाव तक ताले में ही चली जाती है। भारतीय लोकतंत्र में गरीबों का वोट जय हो। चुनाव तक गरीबों की भी जय हो ...

Tuesday, March 31, 2009

अपराधियों की अर्धांगिनियों को भी रोकने की जरूरत

संजय दत्त चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। फिल्म अभिनेता संजय दत्त समाजवादी पार्टी से लखनऊ से प्रत्याशी थे। सुप्रीमकोर्ट ने ये अहम फैसला सुनाते हुए कहाकि वो पीपुल्स रिप्रजेंटेशन एक्ट के खिलाफ फैसला नहीं देंगे। पीपुल्स रिप्रजेंटेशन एक्ट में साफ तौर पर कहा गया है कि किसी भी ऐसे व्यक्ति को चुनाव लड़ने की इजाजत नहीं दी जा सकती जिसे किसी भी अदालत से दो साल से ज्यादा की सजा दी गई हो। और, संजय दत्त को टाडा कोर्ट ने मुंबई धमाकों के मामले में 6 साल की सजा सुनाई है।



ये फैसला इसलिए भी बेहद अहम है कि संजय दत्त को उस लखनऊ सीट से चुनाव मैदान में उतार रही थी। जहां से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी लगातार कई बार से जीतकर संसद में पहुंच रहे थे। वाजपेयी के अस्वस्थ होने की वजह से बीजेपी ने लाजी टंडन को मैदान में उतार दिया है। लालजी टंडन को सिर्फ इसलिए टिकट दिया गया कि वो, वाजपेयी के बेहद नजदीकी थे और लखनऊ में वाजपेयी के प्रतिनिधि भी थे। संजय दत्त के खिलाफ बीएसपी के टिकट पर लड़ रहे अखिलेश दास की भी छवि कोई अच्छी नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री बनारसी दास गुप्ता को बेटे अखिलेश दास पैसे के जोर से कभी इस दल से तो कभी उस दल से सत्ता का सुख लेते रहे हैं। कुल मिलाकर इस सीट से लड़ने वाले दूसरे प्रत्याशी कोई बहुत बेहतर नहीं हैं। कांग्रेस ने सुनील दत्त का बेटा होने की वजह से अब तक कोई प्रत्याशी नहीं उतारा था। अब कांग्रेस भी प्रत्याशी उतारने जा रही है। लेकिन, संजय दत्त के चुनाव लड़ने पर रोक इस लिहाज से बेहद अहम है कि संजय दत्त उस गांधीगीरी की विरासत संभालने का नाटकीय भ्रम फैला रहे थे जिसके सारे उसूलों को संजय दत्त के कर्मों ने चूर-चूर कर दिया था। वैसे अभी भी संजय दत्त संसद पहुंचने की कोशिश करेंगे- मुखौटा भले मान्यता का होगा।




संजय दत्त के ऊपर जो मामला है वो, राष्ट्रद्रोह जैसा है। हालांकि, मुंबई धमाकों के सिलसिले में उन्हें आर्म्स एक्ट के तहत दोषी पाया गया। कुख्यात माफिया-अपराधियों की तरह संजय दत्त के पास से एके 47 जैसी खतरनाक राइफल पकड़ी गई थी। दाउद से लेकर भारत के खिलाफ हर तरह के कुकर्म करने वाले जाने कितने अपराधियों से संजय के याराने के सबूत मुंबई पुलिस को मिले थे। लेकिन, सुनील दत्त का बेटा होना और सफल फिल्म अभिनेता होने के साथ कांग्रेस और दूसरी राजनीतिक पार्टियों में अच्छे रिश्ते ने ऐसा माहौल बनाया कि देश की जनता संजय दत्त को अपराधी की बजाए गुस्साने के बजाए एक अजब सी सहानुभूति दिखाने लगी। बची-खुची कसर मुन्नाभाई के नाम के उस चरित्र ने कर दी जो, सारी समस्याओं का इलाज गांधीगीरी से कर देता था।




कमाल की बेशर्मी वाली याचिका था संजय दत्त की। वो, सुप्रीमकोर्ट से ये कह रहे थे कि टाडा कोर्ट के उस फैसले पर स्टे दे दे। जिसमें उन्हें दोषी ठहराया गया। वो, स्टे इसलिए नहीं कि वो दोषी नहीं हैं सिर्फ इसलिए कि इस स्टे के आधार पर वो लखनऊ लोकसभा सीट से जीतकर संसद पहुंच जाएं। यानी उस जगह पर जहां से सारे कानून बनते हैं। जहां से तय होता है कि देश कैसे चलेगा। ऐसा नहीं है कि संजय दत्त अकेले के न पहुंचने से संसद स्वच्छ हो जाएगी। लेकिन, संजय दत्त के खिलाफ आया ये फैसला अपराधियों को संसद में पहुंचने से रोकने की एक अच्छी शुरुआत हो सकता है।




वैसे ये शुरुआत अदालतों के बूते पहले ही हो चुकी है। सीवान, बिहार के कुख्यात अपराधी पूर्व सांसद शहाबुद्दीन को अदालत ने चुनाव लड़ने की इजाजत देने से इनकार कर दिया है। बिहार में एक जिलाधिकारी की हत्या के दोषी आनंद मोहन, कुख्यात माफिया सूरजभान सिंह और पप्पू यादव को भी अदालतों ने चुनाव लड़ने की इजाजत देने से इनकार कर दिया है। उत्तर प्रदेश में बीएसपी विधायक राजू पाल की हत्या के आरोपी अतीक अहमद भी जेल में हैं और, अदालत ने उन्हें चुनाव लड़ने की इजाजत तो दे दी है लेकिन, प्रतापगढ़ जाकर पर्चा भरने की इजाजत नहीं दी है। बनारस से बीएसपी टिकट पर चुनाव लड़ रहे मुख्तार अंसारी पर अभी कोई रोक नहीं लगी है।




ऐसा नहीं है कि इससे ये अपराधी पूरी तरह से राजनीति से बाहर हो गए हैं या हो रहे हैं। दरअसल इन सारे अपराधियों ने उसका भी रास्ता निकाल लिया है। शहाबुद्दीन, सूरजभान और पप्पू यादवव की पत्नियां, पति की चरण पादुका लेकर संसद में पहुंचेंगी। मुख्तार अंसारी की पत्नी ने सावधानी वश नामांकन दाखिल कर दिया है कि अगर उन पर कोई अदालती रोक लगे तो, पत्नी का मुखौटा लगाकर वो, संसद में पहुंच जाएं। खुद पर कोई आंच आने पर अतीक भी अपनी पत्नी को चुनाव लड़ाने की योजना बनाकर तैयार हैं।



कुल मिलाकर ऐसा नहीं है कि इन अदालती फैसलों से ये अपराधी पूरी तरह से राजनीति से बाहर हो गए हैं या हो रहे हैं। दरअसल इन सारे अपराधियों ने उसका भी रास्ता निकाल लिया है। शहाबुद्दीन, सूरजभान और पप्पू यादवव की पत्नियां, पति की चरण पादुका लेकर संसद में पहुंचेंगी। ये अपराधी जैसे पहले जेल से बैठकर गैंग चलाते थे। वैसे ही वो, अब जेल में ही गैंग चलाने के साथ-साथ संसद भी चलाएंगे।



लेकिन, ये एक शुरुआत भर है और चुनाव सुधारों- पीपुल्स रिप्रजेंटेशन एक्ट में एक नया क्लॉज जोड़ने की जरूरत भी बताता है कि सिर्फ दोषी अपराधी ही नहीं उनके उन निकट संबंधियों पर भी रोक कानून बने जिनसे सीधे तौर पर अपराधी जुड़ा हुआ है। लोकतंत्र में ये मांग थोड़ी अजीब हो सकती है। लेकिन, भारतीय लोकतंत्र जिस हद तक बिगड़ गया है उसे सुधारने के लिए कई बड़े सुधारों की जरूरत है जिसमें से एक ये है। कुल मिलाकर शुरुआत अच्छी है और हम सबको इस शुरुआत को और मजबूत करने की कोशिश करनी चाहिए। वो, ये कि आरोपी अपराधी न सही तो, कम से कम दोषी अपराधियों की पत्नियों को भी संसद में नहीं पहुंचने देंगे।

Sunday, May 18, 2008

बचिए नेता आपका घर फूंककर वोट बटोरने की तैयारी में हैं

अब चुनाव में सिर्फ एक साल बचे रह गए हैं। मई 2009 में अगले लोकसभा चुनाव होने हैं। हर पार्टी इलेक्शन मोड में आ गई है। यानी जनता के लिए सावधान हो जाने का समय है ये। सवाल ये उठ सकता है कि चुनाव तो, लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है फिर, इस पर जनता को सावधान होने की क्या जरूरत है? लेकिन, मैं तो, कह रहा हूं सिर्फ सावधान मत रहिए अपना घर बचाइए। कभी भी आपके घर में आग लग सकती है। नेता तैयार हैं जिन्हें वोट मिलते रहे हैं वो, वोट बचाए रखने और बढ़ाने के लिए, जिन्हें वोट अब तक नहीं मिले वो, वोट बनाने-बटोरने के लिए पूरी तरह से चाक-चौबंद हो चुके हैं।

हाल के कुछ राजनीतिक बयान-घटनाक्रम ध्यान से देखिए- सब समझ में आ जाएगा
मायावती ने कुछ दिन पहले कहा- राहुल गांधी यूपी में आकर दलितों के घर रुकने का दिखावा करता है फिर, दिल्ली में स्पेशल साबुन से नहाता है

आज के अखबार में फिर खबर है- अमेठी में राहुल गांधी एक दलित के घर रुके और वहीं बैठकर राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना की समीक्षा की


भद्रजनों के प्रदेश बंगाल में एक सांसद फोन पर सीआरपीएफ के डीआईजी को चीख-चीखकर आदेश देता है। इलाका छोड़ दो या फिर अपने कैंप से बाहर मत निकलो। बावजूद इसके कि सीआरपीएफ डीआईजी आलोक राज बताते हैं कि सारी बातचीत मोबाइल पर रिकॉर्ड हो रही है। सीपीएम सांसद लक्ष्मण शेठ इसे जनता के लिए की जा रही उनकी ड्यूटी बता रहे हैं।

हम आपको ये भी बता दें कि नंदीग्राम में सीपीएम कैडर के नरसंहार के बाद डीआईजी आलोक राज को उस इलाके में कानून व्यवस्था संभालने के लिए सीआरपीएफ की टुकड़ी के साथ भेजा गया है। वहां हो रहे पंचायत चुनाव कितने निष्पक्ष हुए होंगे इसका अंदाजा लगाने के लिए सिर्फ यही एक घटना काफी है कि आलोक राज के ऊपर दो महिलाओं ने गलत व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है।

बिहार से लालू प्रसाद यादव कह रहे हैं वो, राज ठाकरे की चुनौती स्वीकार कर रहे हैं और मुंबई के जुहू पर छठ मनाने आएंगे। पिछले दो महीने से राज ठाकरे के कृत्यों को चुपचाप समर्थन दे रहे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख भी जाग गए हैं। कह रहे हैं लालूजी के साथ छठ पूजा में वो भी शामिल होंगे।

राज ठाकरे की मुंबई से बाहरी भगाओ मुहिम अब कोंकण केंद्रित हो गई है। वो, अपील कर रहे हैं कोकण- रायगड़, रत्नागिरि, सिंधुदुर्ग के इलाके- में बाहरी लोगों को आप लोग कोई जमीन मत बेचिए।

पहले राज मुंबई में बिल्डरों से मराठियों के लिए सस्ते घर और मॉल-रिटेल स्टोर्स में मराठियों के लिए आरक्षण मांग चुके हैं। राज का कारोबार बिल्डिंग बनाने और म़ल बनाने का है। अब तक कोई भी सिर्फ मराठियों के लिए आरक्षित मॉल राज नहीं बना पाए हैं।

शिवसेना वड़ा पाव एसोसिएशन बना रही है। शिव वड़ा बिकेगा। शिवसेना वड़ा पाव को भी मराठी अस्मिता से जोड़ने की तैयारी में है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री आर आर पाटिल कह रहे हैं कि छत्रपति शिवाजी महाराज का इससे बड़ा अपमान हो ही नहीं सकता। पाटिल थोड़ा और आगे बढ़ जाते हैं—ये शिव वड़ा के साथ शंभाजी भाजी भी बेचेंगे। अच्छा हुआ पाटिल मराठी हैं नहीं तो, दो मराठी अस्मिता के प्रतीक महापुरुषों के इस अपमान पर जाने क्या हो गया होता।

ये खबरें देखने में इन नेताओं का स्वभाव लगती हैं। लेकिन, जरा सोचकर देखिए चुनाव नजदीक आने पर ऐसे सुर तेज क्यों हो जाते हैं।

नहाती तो किसी अच्छे साबुन से ही मायावती भी होंगी। लेकिन, शायद थोड़ा पक्के रंग वाले दलितों को कुछ-कुछ अपने रंग वाली मायावती की ही बात सही लगेगी। लेकिन, इसी में कुछ दलित परिवारों – जिनके बच्चों को राहुल ने गोद में उठाया होगा, जिनके बुजुर्गों से राहुल ने आशीर्वाद ले लिया होगा, जिनके साथ बैठकर खाना खाया होगा- को राहुल की बात समझ में आ रही होगी। राहुल घर का बच्चा लगने लगा होगा। बस राहुल गांधी और मायावती दोनों का काम पूरा हो गया। यूपी में दलितों की बस्ती में चुनाव से पहले कांग्रेस और बसपा के झंडे लगाने को लेकर कट्टा-बम-लाठी चलने की भूमिका तैयारी हो चुकी है।

नंदीग्राम में जिस महिला ने डीआईजी पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है वो, पहले ही सीपीएम समर्पित होंगे। अब डीआईजी के खिलाफ केस लड़ने के लिए पूरी तरह से कैडर बन जाएंगे। ममता को भी लोग मिल चुके हैं, लेफ्ट कैडर तो, है ही। बस लोकसभा चुनाव का इंतजार है।

लालू बिहार से मुंबई आएंगे, देशमुख उनके साथ छठपूजा करेंगे। क्यों?

साफ है लालू लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगे शिवसेना-राजठाकरे के खिलाफ भैया लोगों को कांग्रेस के पक्ष में वोट देने के लिए तैयार करेंगे।

राज ठाकरे खुद मॉल-बिल्डिंग बनाएंगे तो, मराठियों को छोड़िए, भैया लोगों और गुजरातियों में से भी उसी को जगह देंगे जो, ज्यादा माल देगा। मराठी अस्मिता बचाने के राज के आंदोलन में पहले ही कई मराठी परिवार बरबाद हो चुके हैं।

आर आर पाटिल खुद गृहमंत्री हैं लेकिन, भड़काऊ भाषण करने वाले-बयान देने वालों के खिलाफ खुद भड़काने में लग गए हैं। क्योंकि, लोकसभा के साथ ही महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव भी होने हैं। लोग भड़केंगे नहीं तो, उन्हें अगले 5 सालों के लिए लोगों के भड़काऊ बयानों पर नजर रखने का अधिकार कैसे मिलेगा। वो, उपमुख्यमंत्री कैसे बनेंगे।

ये वो वर्ग है जिसे किसी भी राजनीतिक दल के सत्ता में आने से सबसे कम मिलता है। लेकिन, यही वर्ग चुनाव से पहले नेताओं की लगाई आग को जलाने के लिए कोयले, पेट्रोल का काम करता है। तो, भइया चेत जाओ क्योंकि, नेताओं की लगाई हुई जिस आग का तुम साधन बन रहे हो वो, आग तुम्हारा ही घर फूंकने वाली है।

बिहार में बहुत कुछ अच्छा हो रहा है, लेकिन बहुत.......... कुछ अच्छा होना बाकी है

संयोगवश इस बार की पटना यात्रा उसी दिन हुई, जिस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश सेतु का उद्घाटन किया। नाम को लेकर विवाद अलग है, लेकिन ...