Showing posts with label महाराष्ट्र चुनाव. Show all posts
Showing posts with label महाराष्ट्र चुनाव. Show all posts

Tuesday, October 21, 2014

उम्मीद से होने से पहले सोचें!

महाराष्ट्र की राजनीति को लेकर भाजपा के जो तीन नाम आ रहे हैं, उसे जानकार राजनीतिक, पीढ़ीगत बदलाव के तौर पर देख रहे हैं। मोदी-अमित शाह कुछ जादू करने के मूड में न हों तो, देवेंद्र फडणवीस, विनोद तावड़े और पंकजा मुडे मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। विनोद तावड़े 50 से थोड़ा ही ऊपर हैं तो देवेंद्र 40 के ऊपर और पंकजा 40 के भी नीचे। देखने में ये राजनीति नौजवानों के हाथ में आ रही है। लेकिन, महाराष्ट्र समझने वालों के लिए एक छोड़ी सी जानकारी NCP (मोदी जी के मुताबिक नेचुरली करप्ट पार्टी) मुखिया शरद पवार 37 साल की उम्र में ही राज्य के मुख्यमंत्री बन गए थे। इसलिए उम्मीद से होने पहले सोचें, तब उम्मीद से हों तो बेहतर।

और अंत में

ये जो कुछ बड़का लोग हैं। जिन्होंने नरेंद्र मोदी के समर्थक को भक्त कहना शुरू किया या कहें पूरी तरह भक्त साबित कर दिया। उन लोगों का इस मोदी लहर में बड़ा योगदान है। अब भक्त होंगे तो भगवान के लिए कुछ भी कर गुजरेंगे। कर रहे हैं। भक्त श्रृंखला बन गई है।

Wednesday, July 23, 2014

‘अधर्मी’ अखबार, टीवी चैनल

अखबार के सभी संस्करणों की ये पहली खबर है
इंडियन एक्सप्रेस की बड़ी औकात रही है। अरुण शौरी और बी जी वर्गीज वाले इंडियन एक्सप्रेस की। लेकिन, अकसर होता यही है कि बड़ी औकात पर बड़ी बड़ी गलितयां होती है। ऐसी ही एक बड़ी गलती इस समय जगजाहिर है। और अपनी औकात से बड़ी गलती इंडियन एक्सप्रेस ने कर दी है। अकसर इंडियन एक्सप्रेस अखबार लोग पढ़ते ही इसीलिए हैं कि कुछ हटकर, अलग पढ़ने को मिलेगा। उसमें ज्यादातर भाव यही रहता है कि जो खबर कहीं नहीं है वो, यहां पढ़ने को मिलेगी। लेकिन, इसका कतई ये मतलब नहीं है कि आप अखबार हैं तो खबर बनाने की कोशिश करने लगें। वो भी अलग दिखने के चक्कर में। सबको याद होगा कि कैसे इसी इंडियन एक्सप्रेस ने पहले पन्ने पर दिल्ली की सत्ता पर सेना के कब्जे की कहानीसबको समझाने की कोशिश की थी। मेरी निजी राय थी कि उस समय सरकार को अखबार के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए थी। लेकिन, मुश्किल ये कि प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला न मान लिया जाए, इसलिए कई बार अखबारों, टीवी चैनलों की बड़ी से बड़ी गलतियां माफ कर दी जाती हैं। और फिर अगर ब्रांड बड़ा है इंडियन एक्सप्रेस जैसा तो फिर माफ करना तो बनता है। वजह साफ है कि इंडियन एक्सप्रेस है तो उसके पत्रकार, संपादक भी बड़े होंगे। उनके संबंध भी बड़े होंगे। और जब संबंध बड़े हों तो बड़ी गलतियां मायने नहीं रखती हैं। आज इंडियन एक्सप्रेस के सभी संस्करणों के पहले पन्ने पर खबर है कि Sena MP’s ‘force’ fasting Muslim stafferto eat chapatti, Maharashtra Sadan  says sorry.  दूसरे पन्ने पर बची खबर ये रही। हालांकि, इसमें पत्रकारिता के सारे स्थापित मानदंडों को पूरा करने की कोशिश की गई है। मतलब महाराष्ट्र सदन के उस रेजीडेंट मैनेजर से लेकर रेजीडेंट कमिश्नर, शिवसेना सांसद तक से बात करके उनका पक्ष भी पेश किया गया है। लेकिन, खबर जिस अंदाज में लिखी गई है और जिस तरह की सुर्खियां हैं। उससे साफ है कि इंडियन एक्सप्रेस क्या चाहता था। इंडियन एक्सप्रेस चाहता था कि उसके खाते में एक और खबर आए जिस पर संसद ठप हुई। और वो हो गया। इंडियन एक्सप्रेस की ‘प्रतिष्ठा’,  ब्रांड और बड़ा हो गया। उस खबर को टीवी चैनलों ने उठा लिया। क्योंकि, इंडियन एक्सप्रेस, टाइम्स ऑफ इंडिया और इकोनॉमिक टाइम्स अखबार में अगर कोई ऐसी बढ़िया खबर है तो जाहिर है टीवी चैनल उस पर मजे से खेल ही सकते हैं। सबने खेला। क्योंकि, सच बात है कि टीवी न्यूज चैनल तो खेलते ही हैं। खबरें तो दिखाते नहीं हैं। अब अच्छी बात ये भी होगी कि शानदार सरोकारी पत्रकारिता का काम अंग्रेजी इंडियन एक्सप्रेस अखबार के जिम्मे जाएगा। और Sensational News का ठीकरा हिंदी टीवी न्यूज चैनलों के जिम्मे चला जाएगा। चला गया भी है। 

इसी पर इंडियन एक्सप्रेस में भी संपादक रह चुके वरिष्ठ पत्रकार बी जी वर्गीज ने प्रभाष परंपरा न्यास के कार्यक्रम में व्याख्यान देते हुए कहा कि The media in India is currently in crisis and has suffered a severe loss of credibility. Managers have taken over from editors and gossip and sensation have supplanted news. If the print media is in trouble, sections of the electronic media have gone out of control.  आगे बी जी वर्गीज फिर कहते हैं कि In the media of today, the one who “breaks” the story, whatever its veracity, sets the stage. The rest follow as a pack creating a subjective reality that may be far removed from the objective truth. बी जी वर्गीज साहब को ये चिंता जताते समय शायद ही इंडियन एक्सप्रेस का ध्यान रहा हो। लेकिन, इंडियन एक्सप्रेस जैसे अखबार नियमित तौर पर ये कर रहे हैं। अब बताइए किसी राज्य के दिल्ली में स्थित सदन में कैंटीन का अगर इस कदर बुरा हाल है कि सांसद, विधायक को ढंग का खाना नहीं मिल पा रहा है तो ये गंभीर सवाल है या नहीं। क्या इंडियन एक्सप्रेस अखबार या उसके बाद मुस्लिम का रोजा तोड़वाकर खेल रहे टीवी चैनल महाराष्ट्र सदन और दूसरे राज्य अतिथि गृहों के खाने पर पहले स्टोरी कर लेते। आखिर हर साल रेल बजट के समय तो यही काम करते ही है ना। उस घटना के साथ मैं खड़ा नहीं हूं। कोई भी नहीं खड़ा होगा। लेकिन, जरा बताइए ना खाना ही खराब मिले तो कितने लोग हैं जो संयम रख पाते हैं। जो वीडियो मैं देख सका और जितना देख सका। उसके आधार पर मुझे लगता है कि ये पूरी तरह से घटना को कट्टर हिंदूवादी पार्टी शिवसेना और मुस्लिम के बीच का मामला बनाने की गंदी कोशिश है। हिंदू, मुस्लिम या कोई भी हो उसके साथ कोई इस तरह की बद्तमीजी करे उस पर मामला बनाइए। खबर दिखाइए। इंडियन एक्सप्रेस अखबार का मैं खुद बड़ा प्रशंसक रहा हूं। या यूं कहें कि पत्रकारिता शुरु करते समय हर पत्रकार को अंग्रेजी में इंडियन एक्सप्रेस पढ़ना बेहतर लगता है। मुझे तो कई बार ये भी लगता है कि ये बड़े ब्रांड के जो रिपोर्टर होते हैं उनमें से ज्यादातर तक खबरें खुद चलकर पहुचती हैं। खासकर ऐसी खबरें जिसमें लोगों के हित जुड़े होते हैं। अब ज्यादा समय नहीं बचा है कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने में। पहले से ही जिस तरह का माहौल है उसमें हिंदू-मुस्लिम करने की बहुत गुंजाइश दिख नहीं रही है। तो इसका फायदा किसको होगा। इसलिए हिंदू-मुस्लिम करो। कुछ मुस्लिम वोट शिवसेना-बीजेपी के खिलाफ एकजुट करो। वरना बताइए सत्रह जुलाई की घटना। वो भी बाकायदा इतने सांसद, पत्रकार, टीवी कैमरे और एक स्टाफ के साथ इस तरह की बदसलूकी। फिर भी इतने समय बाद ये खबर इतनी बनाकर क्यों चली। जाहिर है वर्गीज साहब जो कह रहे थे कि मैनेजरों ने खबर मैनेज कर ली। और जब पूरी तरह से मुसलमान का रोजा रोटी खिलाकर तोड़ने की पक्की बुनियाद तैयार कर ली गई तो, खबर सबको कर दी गई। ये खेल बंद करना होगा। उसके खिलाफ आवाज उठानी होगी। 

Saturday, October 03, 2009

बच्चे-बच्चे को जो बात पता है वो, सीएम साहब को नहीं पता!

बहुत गलत हुआ। करण जौहर को राज ठाकरे के घर माफी मांगने नहीं जाना चाहिए था। करण को सीधे थाने जाना चाहिए था। थाने जाना चाहिए था- किसलिए। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण साहब कह रहे हैं कि राज ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के खिलाफ करण जौहर को पुलिस थाने में जाकर रिपोर्ट लिखानी चाहिए थी। क्या रिपोर्ट लिखाते कि राज ठाकरे को wake up sid! में बांबे को बांबे कहने पर एतराज है। अब वो कह रहे हैं कि मुंबई करो।


अच्छा मान लो कि करण जौहर ये रिपोर्ट लिखा भी देते तो, क्या होता। होता ये कि चुनावी मौसम में MNS के लफंगे कार्यकर्ताओं को गुंडागर्दी का मौका मिल जाता वो, मराठी माणुस का स्वाभिमान बचाने के झूठे तर्क के नाम पर। आप क्या कर पाते चव्हाण साहब कुछ नहीं। बस इतना हो पाता कि राज और उद्धव दोनों मराठी माणुस को लेकर लड़ते तो, कट्टर मराठी माणुस वोटबैंक बंट जाता और आपकी कांग्रेस फिर से सत्ता में आ जाती। इसके अलावा थोड़ा बहुत ये होता कि एकाध घंटे के लिए शायद राज ठकरे को अदालत तक ले जाया जाता। बिना दमड़ी खर्च किए राज ठाकरे को चुनाव के समय निर्विरोध घंटों की टीवी कवरेज लाइव मिल जाती।


अगर आपको अब भी ये भ्रम है कि राज ठाकरे की गुंडागर्दी के खिलाफ आप कुछ कर पाने की हैसियत में हैं तो, मामलों की तो, फेहरिस्त है। क्यों, कुछ कर नहीं पा रहे हैं। अभी ताजा मामले को ज्यादा समय नहीं हुआ है जब एक मराठी महिला के शादी से इनकार करने पर राज ठाकरे की MNS शैतानों ने मिलकर उसके साथ बलात्कार किया फिर उसे आग के हवाले कर दिया। MNS के गुंडों की नीच हरकत की ये कोई पहली घटना नहीं है। और, अब तो, आप मुख्यमंत्री हैं भूल गए क्या कि आपके पहले के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख- जो, अपने को शरद पवार से भी बड़ा मराठा क्षत्रप साबित करने की हर कोशिश में जुटे रहते हैं- के समय राज ठाकरे ने क्या नंगा नाच किया था।


कई दिनों की मारामारी के बाद गिरफ्तारी भी हुई तो, गेस्ट हाउस में ससम्मान रखा गया। विक्रोली की अदालत में आते-आते जैसे सरकार ने आत्मसमर्पण सा कर दिया था कि महाराष्ट्र में भले कांग्रेस की सरकार है। सड़कों पर राज का ही राज चलेगा। राज ठाकरे की गिरफ्तारी और जमानत के कांग्रेसी स्क्रिप्टेड ड्रामे का सच लाइव टेलीविजन के जरिए पूरे देश ने देखा। कांग्रेस-NCP का घोषणा पत्र कह रहा है कि 2012 तक पूरे राज्य में बिजली नहीं कटेगी। महाराष्ट्र में गलती से एक बार सत्ता में पहुंचे शिवसेना-भाजपा गठजोड़ की सरकार छोड़ दें तो, लगातार कांग्रेसी ही राज कर रहे हैं। ऐसे कांग्रेसी शासन में महाराष्ट्र का असली हाल खुद ही पढ़ लीजिए तब कांग्रेसी वादों पर भरोसा कीजिए।


नए साल पर गुजरात की एक युवती के साथ हुए हद दर्जे की नीचता और उसके बाद ऐसे संवेदनशील मुद्दे को भी राज ठाकरे ने मराठी-उत्तर भारतीय बना दिया था। उस समय भी कांग्रेसी सरकार कुछ करने के बजाए राज ठाकरे को शांत करने में जुट गई थी। अब मुख्यमंत्री चव्हाण कह रहे हैं तो, शायद इसलिए कह रहे होंगे कि करण जौहर तो बड़े आदमी हैं उनकी इज्जत तो सरकार बचा लेती। लेकिन, भइया करण जौहर बहुत पैसा लगाकर फिल्म बनाते हैं। धंधा करते हैं जानते हैं कि जब पूरी मुंबई को राज ठाकरे के गुंडे बंधक बना सकते हैं तो, सिर्फ सिनेमाहालों में तांडव कितनी बड़ी हात है। जया बच्चन ने सही कहाकि करण जौहर ने सही काम किया। आखिर पहले बच्चन परिवार भी तो, राज ठाकरे की आग में झुलस चुका है। वो, भी कोई छोटे लोग तो, थे नहीं। सरकार निकम्मी हो तो क्या छोटा-क्या बड़ा सबको अन्याय सहना पड़ता है। महाराष्ट्र में तो बहुत सालों  से यही चल रहा है।

बिहार में बहुत कुछ अच्छा हो रहा है, लेकिन बहुत.......... कुछ अच्छा होना बाकी है

संयोगवश इस बार की पटना यात्रा उसी दिन हुई, जिस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश सेतु का उद्घाटन किया। नाम को लेकर विवाद अलग है, लेकिन ...