Showing posts with label भारतीय शिक्षा. Show all posts
Showing posts with label भारतीय शिक्षा. Show all posts

Monday, July 20, 2015

कमजोर बुनियाद पर खड़ी भारत की उच्च शिक्षा

आईआईटी रुड़की से तिहत्तर छात्रों को निकालने की खबर आई तो लगा कि कोई संस्थान ये कैसे कर सकता है। बीटेक के पहले साल में ही तिहत्तर बच्चों को निकालने की खबर के बाद हर किसी को छात्रों के साथ सहानुभूति हो गई। सोशल मीडिया से लेकर लोगों के बीच से दबाव बनने लगा कि छात्रों को मौका देना चाहिए। इस तरह से तो उनका भविष्य खराब हो जाएगा। लेकिन, इन तिहत्तर छात्रों का भविष्य बनाने की चिंता किस तरह से पूरे देश की शिक्षा व्यवस्था की चिंता को और बढ़ाएगी, इस पर शायद ही किसी का ध्यान जा रहा हो। या फिर कोई बहस हो रही है। सबसे पहले तो ये कि आखिर इन तिहत्तर छात्रों को बीटेक पहले साल की परीक्षा की नौबत क्यों आई। उसका जवाब ये है कि इन छात्रों ने पहले साल पांच सीजीपीए से भी कम नंबर हासिल किए हैं। आईआईटी रुड़की ने इसी आधार पर छात्रों को बाहर करने का नोटिस भेज दिया। ऐसा नहीं है कि इससे पहले किसी आईआईटी में छात्रों को खराब प्रदर्शन की वजह से निकाला नहीं गया है। लेकिन, बाद में उन्हें वापस ले लिया गया। मुझे लगता है कि यही छात्रों को वापस लेना भारतीय शिक्षा व्यवस्था की चिंता की सबसे बड़ी वजह बनते हैं। कमाल की बात तो ये है कि भारतीय शिक्षा संस्थानों के दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शिक्षा संस्थानों की सूची में न होने पर शर्म करने वाली भी वही हैं। और छात्रों को आरक्षण के आधार पर आईआईटी, मेडिकल में दाखिला दिलाने की पैरवी करने वाले भी वही हैं। दुनिया भर में बेहतर संस्थानों की सूची जब आती है तो, उसमें गलती से एकाध संस्थान भारत के आ जाएं तो बड़ी बात होती है। हर बार उसी समय बड़ा सपना देखा जाता है। बड़े लेख भी आते हैं। बड़ा विचार होता है। फिर से स्थगित कर दिया जाता है अगले साल सूची आने और उस पर स्यापा करने के लिए। किसी भी समाज में कमजोर तबके को दूसरे तबकों के बराबर लाने के लिए आरक्षण जरूरी होता है। भारत में भी है। लेकिन, किसी भी समाज को कमजोर करने के लिए आरक्षण का इस्तेमाल बेहद खतरनाक है। और इसीलिए आरक्षित हो या अनारक्षित, अगर छात्र तय नंबर से कम पा रहा है तो, उसे देश के उन शिक्षा संस्थानों में पढ़ने का मौका नहीं मिलना चाहिए, जिससे देश निर्माण का महत्वपूर्ण जिम्मा है। सामान्य वर्ग या आरक्षित वर्ग का छात्र अगर किसी तरह से आईआईटी, पीएमटी या आईआईएम की प्रवेश परीक्षा पास करके ये समझ लेता है कि अब ये संस्थान की महती जिम्मेदारी है कि वो उसे किसी भी तरह से अगले दो-तीन-चार सालों में डिग्री देकर ससम्मान विदा करे।

जाहिर है इस तरह डिग्री हासिल कर निकलने वाले छात्र न तो शिक्षा व्यवस्था की बेहतरी कर सकते हैं। और न इस शिक्षा को पाने के बाद भारत निर्माण में बेहतर योगदान कर सकते हैं। इसलिए जरूरी है कि आईआईटी रुड़की के तिहत्तर छात्रों को निकालने के फैसले को वापस लेने का दबाव न बने। बल्कि, इस बात का दबाव बने कि आखिर क्या वजह है कि आईआईटी रुड़की में दाखिला पाने वाले छात्र पांच सीजीपीए भी हासिल नहीं कर सके। और वो भी एक साल की आईआईटी रुड़की की शिक्षा के बाद। यानी शिक्षक और छात्र दोनों की ये समस्या है। और ये समस्या और गंभीर होती दिख रही है। इस चुनौती की वजह ये है कि देश की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में गिरावट होती जा रही है। दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिले के लिए मेरिट आती है तो, लगता है जैसे देश में स्कूली शिक्षा से निकलने वाले बच्चे बेहद होनहार हैं। पंचानबे प्रतिशत के नीचे तो कोई मेरिट शुरू ही नहीं होती है। कई नामी कॉलेजों में ये मेरिट अट्ठानबे-निन्यानबे प्रतिशत तक होती है। लेकिन, ये एक पहलू है। अब जरा दूसरा पहली देखिए। आईआईटी में दाखिले के लिए जो ताजा मेरिट है, वो चौंकाने वाली है। जेईई के परीक्षा में सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट इस साल चौबीस दशमलव पांच प्रतिशत रही है। यानी पांच सौ चार नंबर में से सिर्फ एक सौ चौबीस नंबर। ये सामान्य वर्ग की मेरिट है। ओबीसी की मेरिट इससे थोड़ा सा ही कम करीब बाइस प्रतिशत है। हालांकि, पिछले साल से ये दोनों मेरिट कम है। पिछले साल सामान्य वर्ग की मेरिट पैंतीस प्रतिशत तक गई थी। जबकि, ओबीसी की इकतीस प्रतिशत। ये आंकड़े ही हमें निराश करने लगते हैं। और असल स्थिति बताते हैं हमारी स्कूल शिक्षा व्यवस्था की। लेकिन, इसके बाद के आंकड़े तो निराशा में और गहरे डुबो देते हैं। अनुसूचित जाति, जनजाति के बच्चों की मेरिट इस बार साढ़े बारह प्रतिशत रही है। जो, पिछले साल साढ़े सत्रह प्रतिशत थी। इतने तक ही गिरावट नहीं रुकती है। देश के सर्वाधिक प्रतिष्ठिक आईआईटी संस्थानों को अनुसूचित जाति, जनजाति के बच्चों को पांच सौ चार में से सिर्फ 31 नंबर लाने वाले बच्चों को भी दाखिला देना होगा। क्योंकि, सीटें खाली रह जाएंगी। ये करीब छे प्रतिशत है। पिछले साल कम से कम मेरिट भी करीब नौ प्रतिशत थी। ये वो सीटें हैं जिनमें एक साल बच्चों को तैयार किया जाएगा। उसके बाद बीटेक में दाखिला दिया जाएगा। मेरिट में ये गिरावट तब है जब आईआईटी में दाखिले के लिए ये भी जरूरी शर्त है कि जेईई एडवांस्ड की प्रवेश परीक्षा पास करने वाले छात्र के इंटरमीडिएट (बारहवीं) में कम से कम पचहत्तर प्रतिशत नंबर हों। और इस पैमाने की वजह से भी इकतीस छात्रों को प्रवेश परीक्षा पास करने के बाद भी दाखिला नहीं मिल सका है।

भारतीय स्कूल शिक्षा व्यवस्था की खामी का ये अद्भुत उदाहरण है। सरकारों को इस बारे में सोचना होगा कि आखिर वो कैसे इस गुणवत्ता असंतुलन को दूर कर सकते हैं। इसका शुरुआत आईआईटी रुड़की के तिहत्तर छात्रों को एक साल की तैयारी का मौका देकर किया जा सकता है। लेकिन, उसमें शर्त कड़ी होनी चाहिए कि अगर तय पर्सेंटाइल नहीं आया तो, उसे दोबारा आईआईटी में दाखिला नहीं मिलेगा। लेकिन, लंबे समय की योजना में केंद्रीय सरकार और राज्य सरकारों को अपने बोर्ड की स्कूली शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता ठीक करने की जरूरत है। वैसे भी सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के अलावा दूसरे राज्य शिक्षा बोर्ड के प्रदर्शन में बेहतरी होने की बजाए गिरावट ही देखने को मिल रही है। और इसकी सबसे बड़ी वजह राज्यों में दसवीं-बारहवीं के नतीजे के राजनीतिक नफा-नुकसान से जुड़ जाना रहा है। उत्तर प्रदेश में नकल विरोधी अध्यादेश भी बीजेपी सरकार के दोबारा न आने में काफी मददगार रहा है। सपुस्तकीय परीक्षा प्रणाली और राज्यों में कुंजी-गाइड सिस्टम से दसवीं-बारहवीं पास करने वाले बच्चे कैसे आगे बढ़ सकते हैं। इसलिए आईआईटी रुड़की के तिहत्तर छात्रों के खराब प्रदर्शन और उस आधार पर इन्हें निकालने को सिर्फ तिहत्तर छात्र और आईआईटी रुड़की के बीच का समस्या समझने के बजाए पूरी भारतीय स्कूली शिक्षा व्यवस्था की समस्या के तौर पर देखना होगा। तभी शायद इस तरह की बेहद असहज स्थिति से हमारे प्रमुख शिक्षा संस्थान बच सकेंगे। 

Friday, March 20, 2015

भारतीय शिक्षा का आइना हैं बिहार से आई नकल की तस्वीरें

बिहार में नकल की तस्वीरें और वीडियो देखकर देश सोच रहा है कि बिहार ऐसे पढ़ता-बढ़ता है। तस्वीरें दिखें, सामने आती हैं तो उत्तर प्रदेश के लोगों को भी ऐसी ही लजाना पड़ता हो। मुझे बचपन में इलाहाबाद के गांव के एक स्कूल में ऐसे ही नकल कराने का वाकया बड़े अच्छे से याद है। लगभग इसी तरह खिड़कियों से नकल की पुर्ची फेंकना और बीच-बीच में, कानून व्यवस्था कायम है का अहसास दिलाने के लिए, पुलिस वालों का डंडा लेकर नकल कराने वालों को दौड़ाना। बचपन में गर्मी की छुट्टियों में हम करीब डेढ़-दो महीने के लिए गांव जाते थे। हम सभी भाई-बहन इलाहाबाद में रहते—पढ़ते थे। नकल जैसी संस्थागत व्यवस्था से परिचय नहीं था। इसका मतलब ये भी नहीं है कि कभी नकल ही नहीं किया। हां, पढ़ाई के दौरान दो बार छोड़कर कभी नकल नहीं किया। एक बार वाला परिणाम अच्छा हुआ निराशाजनक रहा। एलएलबी में दाखिले के लिए की गई नकल काम नहीं आई। दोबारा वाली नकल काम आई। लेकिन, गांव में छेउंगा में जो विद्यालय था, वहां की पढ़ाई अद्भुत तरीके से होती थी। ऐसे ही सब जिस बोरे पर बैठते थे। उसी बोरे के नीचे पेपर में लिखे प्रश्नों के उत्तर खोजने का जुगाड़ होता था। उसमें भी ज्यादा जुगाड़ी/प्रतिष्ठित जुगाड़ी लोगों की तो पूरी कॉपी बाहर जाकर अंदर आ जाती थी। हां, उत्तर प्रदेश में अब बहुतायत में ये हाल नहीं है। लेकिन, ये किसे भूला होगा कि उत्तर प्रदेश में नकल विरोधी कानून भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार की जड़ में मट्ठा डालने में अहम भूमिका में था। सवाल ये है कि कौन लोग हैं जो, अपने बच्चों को इस तरह से पास कराकर डिग्री दिला देना चाहते हैं। सवाल ये है कि कौन सी सरकार और अधिकारी हैं, जिन्हें इस संस्थागत नकल व्यवस्था का पता नहीं है। सवाल ये है कि क्या ये सिर्फ बिहार की समस्या है। या ये यूपी-बिहार की समस्या है। अच्छा है कि मीडिया में बहुतायत उत्तर प्रदेश-बिहार के लोग हैं और वो खुद की बुराई करने में पीछे नहीं रहते। तो, देश देख रहा है कि देश कैसे पढ़ रहा है, कैसे पास हो रहा है और कैसे डिग्री ले रहा है।

लेकिन, क्या ये समस्या सिर्फ यूपी-बिहार की है। ऐसा होता तो उत्तर प्रदेश-बिहार के पढ़ने में कमजोर लड़के दक्षिण भारत, महाराष्ट्र, गुजरात जाकर कैसे डॉक्टर, इंजीनियर बनकर चले आते हैं। और ये आज से नहीं हो रहा है। इसीलिए जब इस तरह के पढ़ाकुओं में से ही कोई पढ़ाने वाला बन जाता है तो, क्या हाल होता है। हाल ये होता है कि नकल की तस्वीरें दिखा रहे टीवी चैनलों के कैमरे जब शिक्षकों से पूछते हैं कि गणतंत्र दिवस और स्वाधीनता दिवस में अंतर क्या है तो, वो खिसिया रहे होते हैं। प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति तक का नाम नहीं जानते। कई लोग तो राज्य के मुख्यमंत्री को प्रधानमंत्री बता देते हैं। ये बिहार की या यूपी की समस्या नहीं है। ये समस्या से आंख मूंद लेने की समस्या है। अगर ऐसा नहीं होता तो, दुनिया के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों, विद्यालयों में भारत क्यों नहीं है। मेरा निजी मत इस मामले में साफ है कि डिग्री के आधार पर समाज में प्रतिष्ठा पाने का पैमाना भी इसकी बड़ी वजह है। हां, सचिन का हाईस्कूल ही पास होना किसी को सताता नहीं है। लेकिन, बगल का कोई बच्चा हाईस्कूल ही पास हो तो देखिए, गजब हो जाएगा। जब बुनियाद मजबूत नहीं होगी तो, हाईस्कूल पास या फेल, किस काम का। लेकिन, इस पर कौन सी सरकार सोच रही है। राज्य सरकारों के स्कूल आर्थिक कमजोरों को पढ़ने का अहसास कराने और इसी तरह नकल करके डिग्री पाने की संस्था बनकर रह गई हैं। और कमाल तो ये सरकारी स्कूलों की इसी बुनियाद को अब निजी शिक्षण संस्थाओं में नकल कारोबार बना दिया गया है। विद्यालय विद्या के लिए नहीं डिग्री बांटकर और कारोबार बढ़ाने के लिए खुल रहे हैं। और ये सरकार की चिंता का विषय नहीं है। इसलिए बिहार की तस्वीरों पर हंसने की जरूरत नहीं है। ये तस्वीरें भारत की उस बेबुनियाद प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था की बुनियाद का सजीव चित्रण है, जिस पर गांव के बहुतायत बच्चे अपनी डिग्री की इमारत बनाते हैं। इस डिग्री के बूते उन गांव के बच्चों का देश बनाने की व्यवस्था में हिस्सेदारी होना तो लगभग असंभव ही है। फिर कैसे गांव के उन नकल कराकर डिग्री दिलाने वाली फैक्ट्रियों को बंद कराने के बारे में कोई चिंता कर सकता है। हां, सालाना दूसरी खबरों की तरह इस तरह की तस्वीरों का भी रुदन हो सकता है। टीवी पर बैठकर शिक्षा व्यवस्था पर चिंतित हुआ जा सकता है। बिहार को गरियाया जा सकता है। लगे हाथ उत्तर प्रदेश को भी। आखिर देश की सारी अव्यवस्था की जड़ तो यूपी-बिहार ही है। ऐसे लगता है कि यूपी-बिहार देश में नहीं होता तो, देश गजब, अद्भुत, अकल्पनीय होता। बस हमारा काम हो गया है।

Friday, September 05, 2014

शिक्षक दिवस की उलझन

मुश्किल होता है मेरे लिए। हमेशा ये शिक्षक दिवस हमारे लिए अजीब सी उलझन खड़ी कर देता है। मैं बहुत ध्यान से सोचता हूं तो भी शिशु से लेकर डिग्री लेने की आखिरी कक्षा तक मुझे ऐसा कोई शिक्षक याद नहीं आता, जिसे यादकर मैं ये कह सकूं कि ये वो शिक्षक थे, जिन्होंने मेरे जीवन में शिक्षक की भूमिका अदा की। सब कक्षाओं के शिक्षक की तरह आए-गए। शुरुआती शिक्षा यानी सरस्वती शिशु मंदिर के शिक्षकों (आचार्य जी और दीदी जी) को याद करता हूं तो जरूर कुछ चेहरे आंखों के सामने घूमते हैं, जो बेहद अच्छे लोग थे। लेकिन, मेरे शिक्षक के तौर पर उन्होंने क्या किया - ये मुझे याद नहीं आता।

फिर धीरे-धीरे आगे की कक्षाओं में बढ़ते गए। लेकिन, शिक्षक कोई मेरा रहा, मुझे मिला - इस पर मैं आज तक भ्रम में हूं। न तो मैं बहुत तोड़ विद्यार्थी रहा और न ही बहुत कमजोर। एक अच्छा छात्र, विद्यार्थी रहा। 5 से 8 तक जिन शिक्षकों के नाम भी याद आते हैं तो कान उमेठने के संदर्भ में या फिर डरावने शिक्षक के रूप में। लेकिन, कोई भी शिक्षक मुझे ऐसा नहीं याद आ रहा है, जिसने मुझे कुछ अलग से समझाने, बनाने की कोशिश की हो। सरस्वती शिशु मंदिर शिशु से पंचम तक और छ: से आठ तक स्वामी विवेकानंद विद्याश्रम में। हर जगह मेरी पहचान एक अच्छे विद्यार्थी के रूप में ही रही। इसके बाद इंटर कॉलेज में पहुंचा तो शहर का एक ऐसा कॉलेज जिसकी इमारत शहर की सबसे खूबसूरत इमारत थी। शानदार खेल का मैदान था। लेकिन, छवि केपी कॉलेज की बहुत अच्छी नहीं थी। यानी पढ़ने वाले बड़े कम थे। इतने बड़े क्लासरूम थे कि दिल्ली एनसीआर में उतनी शानदार इमारत और कक्षाओं वाला विद्यालय बीस हजार रुपये महीने की फीस तो उसी को दिखाकर वसूल ले। 9, 10, 11 और 12 की पढ़ाई मेरी इसी कॉलेज से हुई। पढ़ाई क्या हुई सिर्फ यहां से पंजीकरण के आधार पर यूपी बोर्ड की परीक्षा में बैठने की अर्हता मिल गई और पास होने का प्रमाणपत्र भी। 

शिक्षक तो यहां का भी कोई मुझे याद नहीं आ रहा है। सिवाय एक एम एम सरन के। एम एम सरन भौतिक विज्ञान पढ़ाते थे। शानदार पीएलटी यानी फिजिक्स लेक्चर थियेटर में सरन सर की क्लास चलती थी। सरन सर बच्चों की पीटते भी गजब थे। हालांकि, उनकी क्लास अच्छी होती थी और वो फिजिक्स के मास्टर टीचर थे। 12वीं में सरन सर की कक्षा में एक दिन आगे की सीट पर मैं बैठा हुआ था। वो पढ़ा रहे थे और मैं बगल के बच्चे से बात कर रहा था कि उन्होंने देख लिया। आदेश आया खड़े हो जाओ। बेंच पर खड़े हो जाओ। मैं सिर झुकाए चुपचाप खड़ा रहा लेकिन, बेंच पर नहीं खड़ा हुआ। गुस्से में सरन सर ने पूछा तुम्हारे पिताजी क्या करते हैं। मैंने कहा मैनेजर हैं। इतना सुनते ही सरन सर ने गुस्से में कहा तुम चपरासी भी नहीं बन पाओगे। मैंने भी पलटकर जवाब दिया- मैं चपरासी तो नहीं ही बनूंगा। और वैसे तो हमेशा सेकेंड डिवीजनर ही रहा। लेकिन, फिजिक्स में मेरे 100 में से 74 नंबर आए। और इतने नंबर आने के बाद जब मैंने सरन सर को मार्कशीट जाकर दिखाई तो सरन सर ने मेरी पीठ ठोंकी। लेकिन, उससे पहले जब घर जाकर मैंने अपने पिताजी को ये बात बताई कि सरन सर ने मुझे कहा कि तुम चपरासी भी नहीं बन पाओगे, तो पिताजी ने तुरंत कहा सरन के घर चलना है। पिताजी बैंक के बाद यूनियन दफ्तर चले जाते थे। उस दिन करीब आठ बजे यूनियनबाजी करके लौटे थे। लेकिन, तुरंत उन्होंने फिर से अपनी यजदी मोटरसाइकिल स्टार्ट की। मुझे लिया और चल पड़े सरन सर के यहां। काफी खोजने के बाद उनका घर मिला। पिताजी पहुंचते ही सरन सर पर फट पड़े। उन्होंने कहा आप डांटते, मारते, समझाते - लेकिन आपने ये कैसे कह दिया कि तुम चपरासी भी नहीं बन पाओगे। चपरासी बनने के लिए ये आपके पास पढ़ने आता है। पिताजी इतने गुस्से में थे और बात भी उनकी सही थी। कोई शिक्षक अपने ही छात्र को चपरासी भी न बन पाने का आशीर्वाद कैसे दे सकता है। सरन सर बैकफुट पर चले गए। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की पढ़ाई के दौरान मैंने जीवन सीखा। बहुत कुछ सीखा। और वहां मैं खुद बहुत ज्यादा कक्षाओं में शामिल नहीं हो पाया। इसलिए विश्वविद्यालय के शिक्षकों के ध्यान में न आने की बड़ी वजह मैं खुद हूं। इसके बाद भी विश्वविद्यालय में कक्षाओं, शिक्षकों की स्थिति बहुत अच्छी तो नहीं कही जा सकती।

इन बातों का जिक्र मैं दरअसल इसलिए कर रहा हूं कि आज जो हर तरफ इस बात की चर्चा होती है कि महंगी फीस वसूल रहे निजी स्कूलों ने कैसे पूरी भारतीय शिक्षा को चौपट कर दिया है। बाजारू बना दिया है। दरअसल उसमें सबसे गंदी भूमिका इन्हीं शिक्षकों की रही। जिन्होंने बस ऐसे ही शिक्षक की भूमिका निभाई। कभी नहीं तय किया कि कक्षा के बच्चों में कौन सा बच्चा क्या कर सकता है, उसे आगे बढ़ाया जाए। विद्यालयों ने बच्चों के आने-जाने की संख्या और हर साल पास होने वाले बच्चों के आधार पर खुद का प्रमाणपत्र पेश किया। सबसे बड़ी मुश्किल भी यही रही। इसीलिए जब आज मैं जिंदगी के इस पड़ाव पर शिक्षक दिवस के लिए एक शिक्षक को याद करने की कोशिश करता हूं तो मुझे कोई शिक्षक याद नहीं आता है।

डिग्री पाने की शिक्षा के दौरान बेहतर शिक्षक हमेशा मेरे आसपास के लोग रहे। हमेशा मेरे पिताजी रहे। हमेशा मेरे पिताजी के पिताजी रहे। मेरी मां रहीं। मेरे घर-परिवार वाले रहे। मेरे दोस्त रहे। मेरी पत्नी रहीं। मेरे साथ काम करने वाले लोग रहे। यात्रा के दौरान मिलने वाले लोग रहे। सबने बिना शिक्षक की पदवी के कुछ न कुछ शिक्षा दी। अब भी मुझे लगता है कि मेरे शिक्षक ऐसे ही राह चलते मिलते रहते हैं। बिना पदवी वाले शिक्षक ही मेरी जिंदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे और निभाते रहेंगे। लेकिन, शिक्षक अगर ये तय नहीं कर पाता कि हर शिक्षक किसी एक छात्र के लिए चाणक्य, द्रोणाचार्य, संदीपनी जैसे याद नहीं किया जा पा रहा तो, मेरी चिंता जायज है। हो सकता है कि शिक्षक दिवस पर हर किसी को अपना कोई शिक्षक महान लगने लगे या फिर ऐसा बताना उसकी मजबूरी हो जाए।  लेकिन, मुश्किल ही है कि सच में कितने छात्र अपने जीवन के एक शिक्षक को भी श्रद्धाभाव से देख पाते हैं या उसके बारे में सचमुच बता सकते हैं कि आखिर उस शिक्षक ने उसके जीवन में क्या बदला, बेहतर किया है। यही सबसे बड़ी समस्या है। इसी का समाधान मिल जाए तो शिक्षक दिवस सार्थक हो सके। ये मेरी बदनसीबी रही। लेकिन, खुशनसीब छात्र कितने होंगे।  

Wednesday, July 16, 2014

पप्पू के बच्चे का मजे से पढ़ने का जुगाड़ हो जाए

अकसर ये कहा जाता है कि भारत देखना है तो भारतीय रेल के दूसरे दर्जे में सफर करो। और मुझे ये लगता है कि दुनिया, अपने अगल-बगल का समाज देखना समझना है तो जितना उसके साथ, उसके पास रह सकते हो रहो। अभी संयोग से गाड़ी सर्विसिंग के लिए गई है। तो दो दिनों से ऑटो से ऑफिस आना हो रहा है। अपनी आदत है तो बात होने लगी। ये पप्पू हैं। बिहार के हैं। पप्पू से बात शुरू हुई तो पप्पू ने बताया कि अभी तक तो हम एक बिल्डर के यहां गाड़ी चलाते थे। ऑटो तो इधर चलानी शुरू की है। अच्छी तनख्वाह मिल जाती थी। सोलह हजार रुपया महीना तनख्वाह थी। ओवरटाइम भी मिल जाता था। बिल्डर था तो उसने रहने के लिए घर भी दे रखा था। लेकिन, एक जमीन ले ली नोएडा के एक गांव में। जमीन के चक्कर में यहां आना पड़ा। अब नोएडा से मालवीय नगर तो आना जाना संभव नहीं था। एक छोटा भाई भी यहां साथ में आ गया है। वो भी ऑटो चलाता है। कुछ दिन बच्चे भी साथ में थे। लेकिन, नोएडा के गांव में रहकर बच्चे बर्बाद हो रहे थे। बदमाशी सीख रहे थे। इसलिए बच्चों को हॉस्टल में डाल दिया। इसके बाद जो लाइन पप्पू ने बोली उससे मेरे कान सुन्न हो गए। उसने बताया- महीने का बारह हजार बच्चों को पढ़ाने में जाता है। अब आखिर सबकुछ इसीलिए न कर रहे हैं कि बच्चे पढ़ लिखकर बेहतर हो जाएं। अब सोचिए देश तरक्की करेगा। देश के लोगों की कमाई बढ़ेगी। लेकिन, सबसे ज्यादा कमाएगा स्कूल चलाने वाला। निजी स्कूल चलाने वाला। क्योंकि, सरकारी स्कूल बेहतर होंगे नहीं। और निजी स्कूलों पर सरकार का कोई नियंत्रण होगा नहीं। बताइए कौन सा देश बनेगा इससे। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी इस तरफ भी ध्यान दीजिए। सरकारी स्कूलों में बच्चे पढ़ें और सब पढ़ सकें, इतनी फीस हो। तो फिर ये अच्छे स्कूलों में गरीब बच्चों के लिए आरक्षण की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। बड़ा बदलाव हो जाएगा। काम कठिन है। लेकिन, मोदी जी आप तो कठिन काम ही करते हैं। हालत तो बच्चों की फीस से मेरी भी खराब है। लेकिन, पप्पू के बच्चों की अच्छी पढ़ाई का सस्ते में इंतजाम कर दीजिए। बस। मान लेंगे देश बेहतर हो गया है।

Friday, July 03, 2009

ये पिछड़ने का ब्लू प्रिंट है

तनाव, मुकाबला, आगे निकलने की दौड़, पिछड़ने की पीड़ा ये सब खत्म होने वाली है। न कोई आगे निकलने पर अब शाबासी देगा, न पिछड़ने पर कोई पीड़ा होगी। सब बराबर हो जाएंगे। तनाव तो बिल्कुल नहीं होगा। तनाव नहीं होगा तो, आत्महत्या भी नहीं होगी। ये फॉर्मूला है हमारे नए कानूनविद शिक्षामंत्री कपिल सिब्बल जी का।


सिब्बल साहब शिक्षा में बड़े-बड़े बदलाव की बात कर रहे हैं। और, सबसे पहले जो, सबसे बड़े बदलाव की बात कर रहे हैं वो, देखिए। हाईस्कूल (10वीं) की बोर्ड परीक्षा खत्म कर दी जाए। क्योंकि, 10वीं की परीक्षा से बच्चे और उनके माता-पिता तनाव में आते हैं। ये तनाव इतना बढ़ जाता है कि कई बच्चे तो आत्महत्या तक कर लेते हैं। इसका सीधा सा तरीका सिब्बल साहब ये लेकर आ गए कि परीक्षा होगी ही नहीं या वैकल्पिक होगी। जरा मुझे कोई बताए न कि 10वीं में कितने बच्चे होंगे जो, परीक्षा देने के लिए परेशान रहते हैं।


जहां तक 10वीं की परीक्षा में फेल होने के तनाव और उससे बच्चे और उनके माता-पिता के तनाव में रहने की बात है तो, इसमें कोई संदेह-बहस नहीं है कि ये संवेदनशील मामला है और बच्चों को फेल होने से रोकने की कोशिश होनी चाहिए। आत्महत्या का भाव मन में उपजे उसकी बजाए कोई तरीका खोजना होगा कि वो, और मजबूती से पढ़ाई करें, आगे निकलें। लेकिन, परीक्षा ही हटा देना ये तो, देश की पीढ़ी को पीछे ढकेलने जैसी बात होगी।



कितनी बड़ी विसंगति है कि एक तरफ हम बच्चों को इतना परिपक्व मानने लगे हैं कि कक्षा 6 से ही उन्हें यौन शिक्षा (sex education) देने की वकालत कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले बच्चे को इतना कच्चा समझ रहे हैं कि उसे फेल होने के तनाव से निजात दिलाना चाहते हैं। हर दूसरी बात पर हम ये जुमला सुनते रहते हैं कंपटीशन का जमाना है। और, अब यहां तक पहुंचने के बाद हम कह रहे हैं कि कंपटीशन खत्म कर दो।


परीक्षा में फेल होने पर 12वीं में भी बच्चे आत्महत्या कर लेते हैं और, इंजीनियरिंग-डॉक्टरी की प्रवेश परीक्षा में फेल होने पर भी। क्या करेंगे सारी परीक्षाएं खत्म कर देंगे। और, सिब्बल साहब आप तो, राजनीति में हैं। यहां के कंपटीशन के लिए कितनी तैयारी करनी होती है। राजनीति में किस ग्रेड सिस्टम की वकालत करेंगे आप। आप वकील साहब हैं आपको तो, पता है जितनी अच्छी मुकदमे की तैयारी वकील जूनियर रहते कर लेता है। वही उसे बड़ा वकील बनने में मदद करती है।


मुकाबला छोड़ने वाले पीछे छूटते जाते हैं। अब चूंकि सिब्बल साहब सहमति के बाद ही इसे लागू करने की बात कह रहे हैं। इसलिए मैं भी सुझाव दे रहा हूं कि मुकाबला छोड़ने का नहीं मुकाबले के लिए और मजबूती से देश के बच्चों को तैयार करने का ब्लूप्रिंट तैयार कीजिए सिब्बल साहब। गलत कह रहा हूं तो, बताइए।

Monday, January 07, 2008

जापानी चाहते हैं भारतीय शिक्षा

जापानी अपने बच्चों को भारतीय स्कूलों में पढ़ाना चाहते हैं। दरअसल जापान को लग रहा है कि एशिया में वो चीन और भारत से पिछड़ रहा है और उनके स्कूल आगे की लड़ाई के लिए बच्चों को तैयार नहीं कर पा रहे हैं। अब उनको लगता है कि भारतीय पढ़ाई से वो चीन और भारत के बच्चों को कुछ पकड़ पाएंगे।

जापानी मानते हैं कि भारत एजुकेशन के मामले में दुनिया का उभरता हुआ सुपरपावर है। एक जमाने में इंटरनेशनल टेस्ट में आगे रहने वाल जापानी जब पिछड़ने लगे तो, उन्हें भारतीय स्कूलिंग ही सहारा नजर आ रही है। जापान की किसी भी अच्छी किताब की दुकान में आसानी से "Extreme Indian Arithmetic Drills" और "The Unknown Secrets of the Indians" जैसे शीर्षक वाली किताबें भरी पड़ी मिल जाएंगी।

जापान के अखबारों में भारतीय बच्चों की जबरदस्त याददाश्त के किस्से खूब छप रहे हैं। अखबारों के मुताबिक, भारतीय बच्चे गुणा यानी मल्टीपिलकेशन के मामले में जापान के स्टैंडर्ड से नौ गुना ज्यादा तेज हैं। गणित के अलावा अंग्रेजी में भी उस्ताद बनने के लिए जापानी अपने बच्चों को भारतीय स्कूलों में पढ़ाना चाहते हैं। योग और ध्यान भी इन स्कूलों की दिनचर्या की हिस्सा है।

जापान में जो भी इंडियन इंटरनेशल स्कूल हैं। उसमें जापानी परिवारों से बहुत ज्यादा बच्चे पढ़ने के लिए आ रहे हैं। इन इंडियन इंटरनेशनल स्कूल्स में ज्यादातर टेक्स्ट बुक (किताबें) भारतीय स्कूलिंग सिस्टम के मुताबिक ही होती हैं। पढ़ाने के लिए शिक्षक भी भारत या दूसरे दक्षिण एशियाई देशों से ही हैं।

चौंकाने वाली एक बात तो ये भी है कि जापान में एक बड़े भारतीय किंडरगार्टेन स्कूल लिटिल एंजल ने भारत के नक्शे को हरे और केसरिया रंग में रंग रखा है। इस स्कूल में 45 में से एक ही बच्चा भारतीय है। जापान टाइम्स, न्यूयॉर्क टाइम्स में ऐसी खबरें सुर्खियां बनी हुई हैं। ऐसी ही एक खबर के मुताबिक, एक जापानी ईको किकुटाके खुश हैं कि उनका पांच साल का बच्चा भारतीय स्कूल में पढ़कर अपने आसपास के दूसरे जापानी बच्चों से ज्यादा कबिल है। न्यूयॉर्क टाइम्स में छपी ऐसी ही खबर पर एक टिप्पणी है- Can American schools learn anything from schools in India? है ना चौंकाने वाली खबर।

Wednesday, August 15, 2007

मनमोहन जी कैसे करिएगा शिक्षा क्रांति

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आजाद भारत के साठ साल पूरे होने पर लाल किले से देश में शिक्षा क्रांति की बात कही है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने शिक्षा पर खर्च करने के लिए 11वीं पंचवर्षीय योजना में 80,000 करोड़ रुपए मांगे हैं। निश्चित तौर पर अगर अगले बीस सालों में भारत को अपने मानव संसाधन यानी काबिल लोगों का इस्तेमाल दुनिया में अपनी साख बढ़ाने के लिए करना है तो, शिक्षा क्रांति बहुत जरूरी है। क्योंकि, भारत के लिए यही सबसे आसान जरिया है दुनिया पर राज करने का। लेकिन, क्या प्रधानमंत्री को इस बात का अंदाजा है कि भारत में शिक्षा क्रांति के रास्ते की असली रुकावटें क्या हैं।
हर किसी को शिक्षा जो, सबसे जरूरी है। अब भारत में इसके दो एक दूसरे एक एकदम विपरीत चेहरे जो, मैंने खुद भी देख लिए। गांव के सरकारी स्कूलों में पढ़ने के लिए बच्चे और पढ़ाने के लिए शिक्षक नहीं मिलते। तो, मुबंई जैसे शहर में स्कूलों में दाखिले के फॉर्म लेने के लिए सुबह चार बजे से ही लाइन लगती है। मुंबई वाला अनुभव मुझे पिछले साल ही हुआ जब मैं दोपहर में ऑफिस पहुंचा तो, रात से ही लाइन में अभिभावकों की लाइन के विजुअल के साथ खुला पैकेज मुझे चलाने को मिला।

बात सिर्फ इतनी ही नहीं है। सरकारी रिपोर्ट एलीमेंट्री एजुकेशन इन इंडिया की रिपोर्ट कहती है कि देश के 32,000 स्कूलों में एक भी छात्र नहीं पढ़ते। ये बताने की जरूरत नहीं है कि ये गांव के इलाके के सरकारी स्कूल हैं। और, उसमें भी करीब आधे 15,791 स्कूल गांव के सरकारी प्राइमरी स्कूल हैं। ऐसे सबसे ज्यादा 7,945 स्कूल कर्नाटक में हैं जहां एक भी बच्चे नहीं हैं। देश के करीब सात परसेंट यानी 69,353 स्कूल ऐसे हैं जिसमें 25 से कम छात्र पढ़ते हैं और 1,70,888 स्कूल ऐसे हैं जिसमें पढ़ने वाले छात्रों की संख्या 25 से 50 के बीच है। बीमारू राज्यों के अगुवा बिहार और उत्तर प्रदेश दूसरे मामले में भले ही पिछड़े हों। एक स्कूल में सबसे ज्यादा छात्रों के मामले में उनके आसपास सिर्फ दिल्ली और केरल ही हैं। और, शिक्षा क्रांति की यही असली चुनौती है कि जरूरत जहां पर वहां सबको कैसे पढ़ने-बढ़ने का मौका मिले।

परेशानी सिर्फ बच्चों के स्कूल न आने तक ही नहीं है। देश के 23,000 स्कूलों में शिक्षक ही नहीं हैं। तो, 1,30,000 स्कूल सिर्फ एक शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं। बच्चों के स्कूल न आने और स्कूलों के लिए शिक्षक न मिलने की वजह भी साफ ही है कि देश में 1,02,227 बिना एक भी कमरे के चलने वाले स्कूल हैं। लेकिन, सिर्फ ऐसा ही नहीं है कि स्कूल में सुविधा न होने, शिक्षक न होने और बच्चों के लिए पढ़ने न आने की ही परेशानी है। भारतीय शिक्षा तंत्र में घुसा भ्रष्टाचार भी मनमोहन सिंह के लिए बहुत बड़ी चुनौती है।

UNESCO की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय शिक्षा तंत्र में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार है और इस भ्रष्टाचार को बढ़ाने में सबसे ज्यादा योगदान स्कूल के शिक्षकों का है। UNESCO की करप्शन इन एजुकेशन की इस स्टडी रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय स्कूलों के शिक्षक स्कूल से गायब रहने में सबसे आगे हैं। एक युगांडा ही ऐसा देश है जहां के शिक्षक इस मामले में भारतीय शिक्षकों को मात दे पाते हैं। दुनिया में 100 में से औसतन बीस शिक्षक ही स्कूल से गायब रहते हैं जबकि, भारत के 100 में 25 शिक्षक स्कूल आना पसंद नहीं करते। इसमें भी बीमारू राज्य बिहार और यूपी के शिक्षक सबसे आगे हैं। बिहार में हर पांच में से दो शिक्षक गायब रहते हैं तो, उत्तर प्रदेश में तीन में एक शिक्षक स्कूल के रास्ते से भटक जाता है।

यही शिक्षकों का स्कूल न आना शिक्षा तंत्र में भ्रष्टाचार बढ़ाता है। शिक्षा पर खर्च होने वाली रकम का साढ़े बाइस परसेंट इन शिक्षकों के गायब रहने से बरबाद हो जाता है। इतना ही नहीं ये शिक्षक महोदय स्कूल में तो नहीं पढ़ाते लेकिन, घर पर ट्यूशन करने वाले छात्र के लिए इनके पास समय ही समय होता है। ट्यूशन से शुरू हुआ भ्रष्टाचार नकल पर जाकर खत्म होता है। UNESCO की इसी रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि भारत में अच्छे इंस्टिट्यूट्स में कंप्यूटर साइंस, मेडिकल और इंजीनियरिंग विषयों में गलत तरीके से दाखिले के लिए 3000 रुपए से लेकर 8 लाख रुपए तक दिए जाते हैं। ये बानगी भर है देश की शिक्षा क्रांति के रास्ते में आने वाली मुश्किलों की। तो, मनमोहन जी अब बताइए कैसे करिएगा शिक्षा क्रांति।

बिहार में बहुत कुछ अच्छा हो रहा है, लेकिन बहुत.......... कुछ अच्छा होना बाकी है

संयोगवश इस बार की पटना यात्रा उसी दिन हुई, जिस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश सेतु का उद्घाटन किया। नाम को लेकर विवाद अलग है, लेकिन ...